देवघर: विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था एक बार फिर दानपात्रों में दिखाई दी। मंगलवार को मंदिर प्रशासन की देखरेख में बाबा मंदिर प्रांगण में स्थापित सभी 18 दानपात्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला गया। दानपात्रों की गिनती के बाद कुल 26 लाख 94 हजार 813 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मंदिर प्रशासन की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। दानपात्रों से भारतीय मुद्रा के अलावा 865 नेपाली रुपये और 2 अमेरिकी डॉलर भी प्राप्त हुए हैं, जो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की बाबा के प्रति अटूट श्रद्धा को दर्शाता है।
दानपात्रों को खोलने के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दानपात्रों से निकाली गई राशि को गिनती के लिए मंदिर प्रशासनिक भवन में सुरक्षित रखा गया, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत गणना की गई।
मंदिर प्रशासन के अनुसार दान से प्राप्त राशि का उपयोग मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्यों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार तथा धार्मिक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में किया जाता है। बाबा मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनकी आस्था और योगदान से मंदिर की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को मजबूती मिलती है।
