जामताड़ा महिला थाना परिसर से संरक्षण में रखी गई एक महिला के अचानक लापता हो जाने से शुक्रवार सुबह पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और महिला की तलाश में शहर सहित रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रायगढ़ निवासी उषा यादव पिछले कुछ दिनों से भटकते हुए करमाटांड़ पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लेकर बुधवार को जामताड़ा महिला थाना लाया था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके परिजनों की जानकारी जुटाकर उनसे संपर्क किया और जामताड़ा आने की सूचना दी थी। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही थी।
शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर पहुंची महिला पुलिसकर्मियों ने देखा कि उषा यादव थाना परिसर में मौजूद नहीं है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल महिला थाना प्रभारी सीमा कुमारी को दी गई। मामला सामने आते ही पुलिस अधिकारियों में हलचल मच गई।
महिला के लापता होने की सूचना पर रेलवे स्टेशन और आसपास के स्टेशनों को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें महिला की तलाश में जुट गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला ने पहले आसनसोल जाने के बारे में जानकारी ली थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह उसी दिशा में गई हो सकती है। समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट…………
