राँची: झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के सुप्रीम कमांडर और 10 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी अमृत होरो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे राँची जिले के लापुंग इलाके से देर रात विशेष अभियान चलाकर पकड़ा गया। अमृत होरो लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उसके खिलाफ राँची तथा खूँटी जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।जानकारी के अनुसार अमृत होरो पर रेलवे परियोजनाओं, निर्माण कार्यों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने, आगजनी करने तथा उग्रवादी घटनाओं को अंजाम देने के आरोप हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह लापुंग क्षेत्र में अपने सहयोगियों के साथ छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर राँची पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर इलाके की घेराबंदी की और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।बताया जाता है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले पुलिस और अमृत होरो के बीच मुठभेड़ भी हुई थी, लेकिन उस दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। तभी से सुरक्षा एजेंसियाँ उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रही थीं।अमृत होरो की गिरफ्तारी को पुलिस नक्सल और उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
