जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड में बुधवार देर शाम राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत इंडिया गठबंधन समन्वय समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। मार्च पीडब्ल्यूडी परिसर से शुरू होकर मुख्य मार्ग होते हुए बजरंगबली चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ सहित कई नारे लगाए।
मार्च का नेतृत्व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सह जिला सचिव कनाई माल पहाड़िया ने किया। बजरंगबली चौक पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष समर मांझी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि वोट की कथित चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगा।
प्रतिरोध मार्च में एसएन बागी समेत वाम दलों और इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम का समापन किया गया।


