जामताड़ा। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नाला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ किशोर तिर्की ने की। इस दौरान थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि नाला थाना क्षेत्र के सभी पूजा स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस सतर्क रहेगी। वहीं, पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अफवाह, भ्रामक खबर या आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बिजली विभाग के प्रतिनिधि, उप प्रमुख समर मांझी, एसआई सूरज मंडल, एएसआई चन्दन सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

