जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के बादलपुर (पचमोरिया) गांव में बुधवार की शाम वज्रपात की घटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान बादलपुर गांव निवासी सलीम मियां (65) के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार शाम बारिश के दौरान अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से सलीम मियां की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना अन्य लोगों को दी।
वहीं, वज्रपात की चपेट में आने से एक भैंस के भी मरने की सूचना है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही वज्रपात से हुई पशु क्षति के लिए भी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। घटना की प्रशासनिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
