जामताड़ा। जामताड़ा में रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के मारे जाने के मामले की वैज्ञानिक जांच शुरू हो गई है। सोमवार को रांची स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के डिप्टी डायरेक्टर बी.के. ठाकुर अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ जामताड़ा पहुंचे और मुठभेड़ स्थल का गहन निरीक्षण किया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए कई महत्वपूर्ण भौतिक और फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान गोलीबारी से जुड़े जीएसआर (गन शॉट रेजिड्यू) के नमूने सहित अन्य आवश्यक फॉरेंसिक सैंपल सुरक्षित किए गए। इन नमूनों को विस्तृत जांच और वैज्ञानिक परीक्षण के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
एफएसएल के डिप्टी डायरेक्टर बी.के. ठाकुर ने बताया कि टीम ने घटनास्थल का दस्तावेजीकरण भी किया है। फॉरेंसिक जांच के माध्यम से यह स्पष्ट किया जाएगा कि घटनास्थल पर गोलीबारी किस प्रकार हुई और मुठभेड़ के दौरान घटनाक्रम क्या रहा। वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पुलिस अनुसंधान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी और इससे मुठभेड़ से जुड़े तकनीकी तथ्यों की पुष्टि करने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि रविवार देर रात जामताड़ा में पुलिस कार्रवाई के दौरान कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा मारा गया था। मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच सुनिश्चित करने के लिए एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी की गई है।
