डीसी-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना…….
कोडरमा। झारखंड सरकार की “आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी” पहल के तहत दूसरे चरण में कोडरमा जिले को 14 नए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। जिला उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को जिले के विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि नए पेट्रोलिंग वाहनों के मिलने से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। डायल-112 की आपातकालीन सेवा के तहत पुलिस अब सूचना मिलने के बाद पहले की तुलना में कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सकेगी।
उन्होंने कहा कि नए वाहनों से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में बढ़ोतरी होगी और आपात परिस्थितियों में आम लोगों को समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी। साथ ही ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने बताया कि वाहनों के माध्यम से गश्ती व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा, जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
