कोडरमा। मरकच्चो प्रखंड के जामू हरिजन टोला स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद करीब चार दर्जन बच्चे बीमार पड़ गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार स्कूल में कुल 62 बच्चे मौजूद थे। मध्याह्न भोजन में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी बनाई गई थी। भोजन करने के कुछ ही मिनट बाद कई बच्चों ने पेट दर्द की शिकायत की और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।




बच्चों की हालत बिगड़ती देख स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने आनन-फानन में बीमार बच्चों को अलग-अलग वाहनों से मरकच्चो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बीमार बच्चों में कक्षा तीन से पांच तक के छात्र शामिल हैं, जिनकी उम्र करीब 8 से 12 वर्ष बताई गई है। करीब एक घंटे के उपचार के बाद सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधीक्षक, अंचल अधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल जाना। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मिड-डे मील की गुणवत्ता और भोजन में गड़बड़ी की जांच के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
