दोनों सवार गंभीर घायल………..

कोडरमा: मरकच्चो थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत स्थित भारती उच्च विद्यालय के समीप शनिवार देर शाम दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी क्लीनिक पहुंचाया।
बताया गया कि नवलशाही थाना क्षेत्र के विशुनपुर (तोलखार) निवासी अशोक यादव मोटरसाइकिल संख्या जेएच-12एच-2575 से बरियारडीह की ओर से अपने घर विशुनपुर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से मरकच्चो की ओर से डोंगोडीह निवासी विजय साव मोटरसाइकिल संख्या जेएच-11एटी-0710 से अपने घर लौट रहे थे। भारती उच्च विद्यालय के समीप दोनों की बाइक आमने-सामने टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को उठाकर निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
