देवघर। JSLPS, देवघर के सौजन्य से बुधवार को जिला स्तरीय ‘झारखंड इनक्यूबेटर आउटरीच कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी तथा उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नवाचार, महिला उद्यमिता और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देना है।
विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि देवघर की सखी मंडल की दीदियों में हुनर की कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन के माध्यम से उनके व्यवसाय को बड़े स्तर पर विकसित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि JSLPS और IIM कलकत्ता इनोवेशन पार्क के सहयोग से राज्य की चयनित महिला उद्यमियों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के तहत महिला उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए 10 लाख रुपये तक का अनुदान अथवा ब्याज-मुक्त ऋण, मेंटरशिप, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, बाजार संपर्क और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उप विकास आयुक्त ने योग्य महिलाओं से निर्धारित समय-सीमा में आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करने की अपील की। मौके पर डीआरडीए निदेशक सागरी बराल, JSLPS एवं IIM कलकत्ता के प्रतिनिधि, SBI RSETI अधिकारी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

