पाकुड़: महेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल माइंस सड़क पर तसरिया के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित चाय दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान चला रहे श्यामसुंदर साहा गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि दुकान और उससे सटा घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाली डंपर आमड़ापाड़ा की ओर जा रहा था। तसरिया के समीप चालक का संतुलन बिगड़ते ही डंपर सीधे चाय दुकान में जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान में रखा सारा सामान नष्ट हो गया और मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घायल दुकानदार को इलाज के लिए भेजा गया। इधर, घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने और भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।
