पाकुड़: झामुमो की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी के प्रयास से पाकुड़िया प्रखंड के बड़ा सिंहपुर गांव निवासी बिरजू सोरेन का शव ओडिशा से एंबुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांव लाया गया। बिरजू सोरेन लगभग 15 दिन पूर्व अपनी पत्नी के साथ रोजगार की तलाश में हैदराबाद गए थे। वापसी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ओडिशा के ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पर उतारा गया, जहां उपचार के प्रयासों के बीच 24 जुलाई 2026 की रात उनका निधन हो गया।
घटना के बाद आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों से जूझ रहे परिजनों ने शव को गांव लाने के लिए सहायता की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही उपासना मरांडी ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक पहल की और एंबुलेंस के जरिए शव को ओडिशा से बड़ा सिंहपुर पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
शनिवार को शव गांव पहुंचने पर उपासना मरांडी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिजनों और ग्रामीणों ने उनके मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस दौरान झामुमो जिला संगठन सचिव मुनीराम मरांडी, जगन मुर्मू, प्रकाश यादव, कॉर्नेलियस मरांडी, मनोज हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
