पाकुड़: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की दीदियों ने अपने हाथों से तैयार की गई सुंदर राखी उपायुक्त मेघा भारद्वाज को भेंट कर स्नेह, अपनत्व और आत्मीयता का भाव प्रकट किया। इस दौरान दीदियों ने उपायुक्त को राखी भेंट करते हुए सुखद एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।जेएसएलपीएस की दीदियों ने बताया कि उनके द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियों का स्टॉल भी लगाया गया है, जहां राखियों की बिक्री की जा रही है। राखी निर्माण एवं बिक्री के माध्यम से उन्हें रोजगार और आजीविका का अवसर मिल रहा है। साथ ही, उनके हुनर और मेहनत को बाजार उपलब्ध हो रहा है।उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने राखी भेंट किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए दीदियों के स्नेह एवं आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने जेएसएलपीएस की दीदियों के महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण विकास के प्रयासों की सराहना की।उपायुक्त ने जिलेवासियों से स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे ‘लोकल से वोकल’ की भावना को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण महिलाओं की आजीविका भी मजबूत होगी।
