पाकुड़। उपायुक्त के निर्देश पर परिवहन एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को पाकुड़ शहर से अमड़ापाड़ा मुख्य मार्ग पर भारी व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, माइनिंग इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह एवं नवीन कुजूर तथा जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान वाहनों के माइनिंग चालान, ओवरलोडिंग, तिरपाल, नंबर प्लेट, वाहन बॉडी में अनधिकृत बदलाव, हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न और चालकों के वैध हेवी ड्राइविंग लाइसेंस समेत सड़क सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अभियान में करीब पांच से सात भारी वाहन विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। विशेष रूप से कोयला एवं गिट्टी परिवहन के दौरान तिरपाल का उपयोग नहीं करने सहित अन्य अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई।
उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध करीब 80 हजार रुपये का ई-चालान निर्गत किया गया। प्रशासन ने वाहन मालिकों एवं चालकों से निर्धारित भार सीमा, वैध दस्तावेज, तिरपाल, नंबर प्लेट और ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। नियम तोड़ने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
