रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर 2026 को रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मैच को लेकर आम क्रिकेट प्रेमियों के लिए टिकट बिक्री की तारीख भी घोषित कर दी गई है। जेएससीए के अनुसार, 5 और 6 अक्टूबर को ऑफलाइन टिकटों की बिक्री की जाएगी। इसके लिए स्टेडियम के पश्चिमी छोर पर विशेष टिकट काउंटर बनाए गए हैं। यहां सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक क्रिकेट प्रेमी टिकट खरीद सकेंगे। टिकट बिक्री के दौरान दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा।टिकट खरीदने वालों के लिए एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट लेने की अनुमति होगी। यह सीमा टिकट की कीमत या श्रेणी पर निर्भर नहीं होगी। यानी कोई व्यक्ति अलग-अलग श्रेणी के टिकट खरीदता है, तब भी कुल दो टिकट ही ले सकेगा। वहीं, मैच के टिकट ऑनलाइन भी उपलब्ध होंगे। क्रिकेट प्रेमी district.in के माध्यम से ऑनलाइन टिकट खरीद सकेंगे। जेएससीए की ओर से टिकट की विभिन्न श्रेणियों और उनकी कीमतों की जानकारी पहले ही जारी की जा चुकी है। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
