जमशेदपुर। एनएच-33 पर झाबरी गांव के समीप शनिवार को कोलकाता से रांची जा रही ऊं शिवम नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। बताया गया कि बस में करीब 25 यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही चौका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दुर्घटना के बाद एनएच-33 पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सड़क के बीचोंबीच बस पलटे रहने के कारण दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। बाद में हाईड्रा और क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाया गया। इसके बाद एनएच-33 पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
