रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित स्मार्ट सिटी आवास पहुंचकर झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत तृषा सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और इस कठिन समय में परिवार के सदस्यों को दुःख सहने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि असमय किसी युवा का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुख की घड़ी में सरकार और समाज शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। गौरतलब है कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है।


