देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने 23 सितंबर को पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरीय पुलिस उपाधीक्षक, साइबर अपराध, कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध फर्जी तरीके से Flipkart और Amazon के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank पदाधिकारी तथा Google पर PhonePe कस्टमर केयर बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। इसके अलावा PM किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसा दिया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान सारठ थाना क्षेत्र के पिण्डारी निवासी तौहिद अंसारी, पथरड्डा ओपी क्षेत्र के घाघरा निवासी दिनेश महरा, पथरौल थाना क्षेत्र के बड़ा संघरा निवासी अघनु दास तथा घाघरा निवासी प्रमोद कुमार दास और सुमन कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है। प्रमोद कुमार दास देवघर साइबर थाना कांड संख्या 42/21 में आरोपपत्रित भी है। आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर बनकर कैशबैक, गिफ्ट कार्ड और Airtel Payment Bank कार्ड दोबारा चालू कराने के नाम पर ठगी करते थे।
