रांची स्थित झारखंड विधानसभा के मुख्यमंत्री कक्ष में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन तथा विकास योजनाओं में बैंकों की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से संक्षिप्त चर्चा की।प्रतिनिधिमंडल में संयोजक बैंक बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक गुरु प्रसाद गोंड, सहायक महाप्रबंधक क्षितिज, रौशन चौधरी तथा प्रशांत कुमार शामिल थे। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 96वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति बैठक (जून 2026) की स्मारिका पुस्तिका भी भेंट की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के आर्थिक विकास, ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने वित्तीय समावेशन को और मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सभी बैंकों के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। यह शिष्टाचार मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
