ग्रामीण इलाक़े में भट्टी शराब एवं अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश………………..
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आज अपने कार्यालय कक्ष से ऑनलाइन माध्यम से वरीय पुलिस अधीक्षक राँची, राकेश रंजन, जिला के सभी वरीय पदाधिकारियों, पुलिस अधीक्षक शहर, ग्रामीण,यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं बुंडू, अपर जिला दंडाधिकारी विधि -व्यवस्था, सभी पुलिस उपाधीक्षक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं राँची जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्र में सघन जांच एवं निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें, ताकि अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को शांति समिति के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने एवं उनकी सक्रिय सहभागिता लेने का निर्देश दिया गया, जिससे अपराधों पर ग्रास रूट स्तर पर नियंत्रण संभव हो सके।
आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतने एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
ग्रामीण इलाके में भट्टी शराब के निर्माण एवं बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश
उपायुक्त ने अवैध शराब (भट्टी शराब) के निर्माण एवं बिक्री पर कड़ी रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब का उत्पादन एक गंभीर समस्या है। आम जनता, ग्रामवासी, ग्राम प्रधान एवं मुखिया, गाँव के पाहन से अपील की गई कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल जिला प्रशासन द्वारा संचालित *व्हाट्सएप “अबुआ साथी”(मोबाइल नंबर: 9430328080) पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

*
