रांची। दुर्गापूजा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत अन्य अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडालों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास, सीसीटीवी, पार्किंग, यातायात, पेयजल, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला, बच्चों, दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
आपातकालीन निकास मार्ग को अवरोधमुक्त रखने, पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती और पुलिस-प्रशासन से लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन और पुलिस द्वारा पूजा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की सतत निगरानी की जाएगी।





