राजधानी रांची के कोतवाली थाना के ठीक पीछे स्थित एक पुरानी पानी की टंकी अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि टंकी के आसपास काम कर रहे कई मजदूर मलबे की चपेट में आ गए हैं और उनके दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मलबे को हटाकर दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के बाद पुरानी और जर्जर संरचनाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। कुछ दिन पहले लालपुर थाना क्षेत्र में भी एक निर्माणाधीन भवन का हिस्सा गिर गया था, जिसकी चपेट में आने से एक मिस्त्री की मौत हो गई थी। फिलहाल कोतवाली पुलिस मौके पर मौजूद है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

