साहिबगंज। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और जिले में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए साहिबगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की।
एसडीओ अमर जॉन आईन्द, सीओ बासुकीनाथ टुडू तथा एनडीआरएफ की टीम ने किशन प्रसाद, लालबथानी, रामपुर, रामनगर, बलुआ टोली, मखमलपुर दक्षिण और मुसहरी टोला समेत कई प्रभावित इलाकों का दौरा किया। अधिकारियों ने जलस्तर, प्रभावित परिवारों की स्थिति तथा उपलब्ध राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच खाद्य सामग्री और अन्य राहत सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, एनडीआरएफ की टीम ने आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और त्वरित बचाव अभियान चलाने की तैयारियों का भी जायजा लिया।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाने और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है।

