उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान बिरसा चौक निवासी दिव्यांग पंकज कुमार को राज्य सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। ट्राईसाइकिल मिलने के बाद पंकज और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। पंकज ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जनता दरबार की जानकारी मिली थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनता दरबार में सोनाहातू अंचल निवासी प्रकाश कुमार महतो ने जमीन के पंजी-2 में सुधार नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीर मानते हुए उपायुक्त ने सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। वहीं शहर अंचल निवासी हरि प्रसाद चक्रवर्ती के लंबित म्यूटेशन मामले में भी उपायुक्त ने शहर अंचल अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बेड़ो निवासी तेतरु उरांव ने अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने भू-अर्जन कार्यालय से अद्यतन रिपोर्ट तलब करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। जनता दरबार में भू-माफियाओं द्वारा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें भी सामने आईं, जिस पर राजस्व एवं सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को त्वरित जांच और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में गलत सत्यापन की शिकायत पर संबंधित बीडीओ को जांच का आदेश दिया गया। उपायुक्त ने पंचायत प्रतिनिधियों से योजना से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार और आय बढ़ाने के लिए प्रेरित करने की अपील भी की।
