रांची। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनसामान्य से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान नाई समाज के प्रतिनिधियों ने यूट्यूब पर समाज के प्रति अश्लील एवं आपत्तिजनक गीत प्रसारित किए जाने की शिकायत की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं, झारखंड एसोसिएशन ऑफ द डेफ के प्रतिनिधियों ने नवंबर 2026 में झारखंड में आयोजित होने वाले द्वितीय नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर उपायुक्त से चर्चा की। प्रतिनिधियों ने बताया कि आयोजन झारखंड एसोसिएशन ऑफ द डेफ के सहयोग से किया जाएगा।
रातू रोड निवासी एक महिला ने अपनी जमीन को कथित रूप से धोखाधड़ी के माध्यम से बेचकर बिल्डर को हस्तांतरित किए जाने की शिकायत की। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तथ्यों की जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि जनसमस्याओं पर गंभीरता से विचार कर न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान ट्रेनी आईएएस आस्था शरण मौजूद रहीं।

