रांची। 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी की टीम ने फरार चल रहे कोचिंग संचालक संजीत कुमार को रांची के रातू रोड इलाके से गिरफ्तार किया है। संजीत कुमार शिवांगन कोचिंग संस्था का संचालक बताया जा रहा है और आरोप है कि वह इस पूरे मामले में एजेंट के रूप में भी काम करता था।
जांच के अनुसार, शिवांगन कोचिंग संस्था के माध्यम से कई अभ्यर्थियों से परीक्षा में पास कराने के नाम पर रकम वसूले जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि कोचिंग संस्था में ही परीक्षा में सेटिंग-गेटिंग का खेल चल रहा था। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान भी शिवांगन कोचिंग संस्था का नाम सामने आया था।
इसके बाद सीआईडी ने संस्था से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच शुरू की और संभावित आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी क्रम में संजीत कुमार को रातू रोड इलाके से गिरफ्तार किया गया। सीआईडी अब उससे पूछताछ कर परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े नेटवर्क, अभ्यर्थियों से ली गई रकम और अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
