रांची। चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांतीय कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान चलाकर इस मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में घटना के पीछे अंतरराष्ट्रीय संपर्क और सुनियोजित साजिश के संकेत मिले हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक पूर्व में दुबई में काम करता था। वहीं रहने के दौरान उसका संपर्क देश विरोधी तत्वों से हुआ। जांच में सामने आया है कि दुबई में उसकी मुलाकात राना हुसैन उर्फ राना जी और शाहबाज आलम उर्फ भट्टी नामक व्यक्तियों से हुई थी। एजेंसियों का दावा है कि दोनों संदिग्ध तत्व प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध संगठन टीटीएच (तहरीक-ए-तालिबान हिंद या उससे जुड़े विंग) से जुड़े हुए हैं।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक दुबई में ही आरोपी का ब्रेनवॉश किया गया और उसे रांची स्थित आरएसएस के प्रदेश कार्यालय को निशाना बनाने का टास्क देकर भारत भेजा गया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की निगरानी की।
पुलिस एवं खुफिया एजेंसियां अब आरोपियों के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी हैं।


