रांची। दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद भी रांची शहर के कई इलाकों में तोरण द्वार और बांस से बनी अस्थायी संरचनाएं नहीं हटाए जाने पर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित पूजा समितियों से इन संरचनाओं को अविलंब हटाने की अपील की है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पहले ही निर्देश दिया गया था कि प्रतिमा विसर्जन के दिन सभी तोरण द्वारों और अस्थायी संरचनाओं को हटा लिया जाए। इसके बावजूद शहर के कई स्थानों पर सड़कों के बीच बांस से बनी संरचनाएं अब भी मौजूद हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
वहीं, कई जगहों पर सड़कों पर लोहे की कीलें और अन्य सामग्री बिखरी पड़ी हैं। इसके कारण वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त ने पूजा समितियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद तोरण द्वारों, बांस की संरचनाओं और अन्य अवशेषों को तत्काल हटाकर सड़कों को बाधामुक्त बनाने की अपील की है।
निर्देशों के अनुपालन की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी, सदर रांची, ट्रैफिक पुलिस और रांची नगर निगम द्वारा की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा, सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए सभी पूजा समितियों से सहयोग की अपील की है।
