राजधानी रांची में हर्ष कुमार अपहरण मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर अपहरण के पीछे लड़की से जुड़ा विवाद सामने आया है। 25 वर्षीय हर्ष ने अरगोड़ा थाने में दर्ज प्राथमिकी में घटना की पूरी जानकारी दी है।
एफआईआर के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 12:10 बजे हर्ष अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी से लौट रहा था। रास्ते में कार खराब होने पर वह बोनट देखने के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान कार सवार आरोपियों ने उसे जबरन अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर दोस्तों को जान से मारने की धमकी दी गई।
हर्ष का आरोप है कि आरोपियों ने करीब तीन घंटे तक उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया। चेहरे और कान के पास मुक्के व बेल्ट से पीटा गया तथा गले में फंदा डालकर खींचने से वह बेहोश हो गया। होश आने पर खुद को सुनसान इलाके में पाया। उसने सिगरेट से जलाने और जबरन स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया है। पुलिस की कार्रवाई से हर्ष की जान बच गई।
