चेंगाडांगा में बनेगा नया चेकनाका, खनिज लदे वाहनों की होगी जांच……….
पाकुड़ जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अभियान तेज करने का निर्णय लिया है।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स समिति की बैठक में अवैध कोयला, पत्थर और बालू खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी ने पूर्व निर्देशों की क्रमवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतत अभियान चलाकर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया।जिला खनन पदाधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में खनन राजस्व का 99.01 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1770.12 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 31 जनवरी 2026 तक 1712.5 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है, जो 96.74 प्रतिशत है। इस पर संतोष जताते हुए उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने पत्थर खनिज के क्षेत्र में लक्ष्य से अधिक राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने अमड़ापाड़ा और महेशपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन और परिवहन से जुड़े सभी मामलों में अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाए। वहीं सिमलौंग थाना प्रभारी को कोयला एवं बालू के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के चेंगाडांगा इलाके से गुजरने वाले खनिज लदे वाहनों की सघन जांच के लिए आगामी 10 फरवरी तक नया चेकनाका स्थापित करने का आदेश दिया। साथ ही जिन खनन पट्टों की अवधि समाप्त हो चुकी है, उनकी जांच कर अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले में संचालित बंगला ईंट भट्ठों की संयुक्त जांच की जाएगी। अवैध कोयला उपयोग या बाल श्रम पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, एसडीपीओ महेशपुर सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
