देवघर। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर साइबर थाना को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश एवं पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 20 जून 2026 को छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मराज कुमार सिंह, सत्यम कुमार सिंह, गौतम कुमार सिंह एवं राजाराम कुमार सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, ब्लूडार्ट, फर्स्ट फ्लाइट और डीटीडीसी जैसी कूरियर कंपनियों के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी पार्सल डिलीवरी के नाम पर कैश ऑन डिलीवरी का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूलते थे।
सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से पांच मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड तथा एक प्रतिबिंब सिम बरामद किया गया है। बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के प्रमाण मिले हैं।
इस कार्रवाई में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार रवि एवं जसीडीह थाना की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
