गोड्डा जिले की मेहरमा थाना पुलिस ने लंबित वारंट के निष्पादन के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए मेहरमा थाना कांड संख्या 116/2026 के नामजद आरोपी आशुतोष कुमार मिश्र उर्फ आशू मिश्रा (25) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मेहरमा थाना क्षेत्र के कसबा गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम ताराकांत मिश्रा बताया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ई) के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय से जारी वारंट के आलोक में पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर मेहरमा थाना पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा लंबित मामलों के निष्पादन के लिए जिले में वारंटियों और फरार आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है तथा अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
