देवघर: विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी क्रम में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पूरे मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर, कांवरिया पथ और प्रमुख व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, नियंत्रण कक्ष, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने बताया कि 25 जुलाई तक श्रावणी मेला से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में 10 हजार से अधिक पुलिस बल के अलावा केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी तथा सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक निगरानी व्यवस्था के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संदिग्ध व्यक्ति एवं संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, क्विक रिस्पांस टीम, ट्रैफिक पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें भी मेला अवधि के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहेंगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि राजकीय श्रावणी मेला 2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।


