श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण पर विशेष जोर………..

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ और पहली सोमवारी पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सोमवार को बी.एड. कॉलेज परिसर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा बाहर से आए सुरक्षा बलों की संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था का सबसे बड़ा आयोजन है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी सेवा भाव, विनम्र व्यवहार और पूर्ण सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बाबा बैद्यनाथ मंदिर में सुगम जलार्पण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही सभी अधिकारियों को 24 घंटे इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम (IMCR) से जुड़े रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने AI चैटबॉट, फेस रिकग्निशन कैमरा, हेड काउंट मशीन और अन्य आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन एवं जलार्पण का लाभ मिल सके।
