रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ, परिवहन सचिव मनीष रंजन तथा टाटा मोटर्स के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि यह संस्थान राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगा। यहां आधुनिक तकनीक के साथ ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को देशभर में बेहतर रोजगार मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लंबे समय से इस परियोजना पर काम चल रहा था और अब यह अंतिम रूप ले चुकी है। उन्होंने बताया कि यह संस्थान केवल ड्राइविंग प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वाहन तकनीक, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अनुसंधान केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा और भारी वाहनों की अधिकता वाले झारखंड में इस तरह का संस्थान पहले से होना चाहिए था।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि लंबित ड्राइविंग लाइसेंस और लर्निंग लाइसेंस के आवेदनों का तेजी से निष्पादन कर 10 हजार से अधिक लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित चालक और वैध ड्राइविंग लाइसेंस सड़क सुरक्षा के साथ-साथ नागरिकों की पहचान के महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में भी उपयोगी हैं। साथ ही उन्होंने आधुनिक वाहन तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
