देवघर: जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित पुनासी डैम से शनिवार को लगभग 18 वर्षीय एक अज्ञात युवती का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शव करीब एक सप्ताह पुराना है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवती की कमर में रस्सी और गमछे की सहायता से एक भारी पत्थर बंधा हुआ था। इस स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या के बाद शव को डैम में डुबोकर साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने डैम में शव दिखाई देने पर इसकी सूचना जसीडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों के साथ-साथ गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा घटना की पूरी सच्चाई का खुलासा हो सकेगा।



