साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली बीएसके कॉलेज की छात्रा अर्पिता सरकार पर पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी गिरोह से कथित संबंध होने का आरोप सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। मामले की जांच झारखंड पुलिस और पश्चिम बंगाल एसटीएफ संयुक्त रूप से कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, अर्पिता सरकार का नाम उसके कथित बॉयफ्रेंड हमीर मंडल के साथ सामने आया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि हमीर मंडल पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की गतिविधियों की रेकी करने तथा हावड़ा उत्तर से विधायक एवं राज्य के मंत्री उमेश राय की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। साथ ही मंत्री के बेटे को हनी ट्रैप में फंसाने की योजना में भी अर्पिता की कथित भूमिका की जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि अर्पिता ने कथित रूप से गूगल के माध्यम से संबंधित लोगों के घर की तस्वीरें और मोबाइल नंबर जुटाए थे। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा किन-किन लोगों से उनका संपर्क था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
