रांची। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री की चचेरी बहनों ने भी उन्हें राखी बांधकर उत्तम एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की।
इस आत्मीय अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बड़ी बहन का स्नेहपूर्वक आशीर्वाद लिया और छोटी बहनों को स्नेह, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने श्रावण पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के पावन पर्व पर समस्त झारखंडवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना की। मौके पर मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन सहित अन्य परिजन उपस्थित रहे।



