चतरा। कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में तीज की रात नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों कमलेश भारती (22) और मनोज कुमार (19) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 14 सितंबर की रात की बताई गई है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग गांव में डीजे पर हो रहा नाच देखने गई थी। इसी दौरान दोनों आरोपी उसे कथित तौर पर झाड़ियों में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या करने का आरोप है। 15 सितंबर की दोपहर ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का टॉर्च, हेयर पिन, कपड़े और मोबाइल बरामद किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 70/64/103(1)/3(5) और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में स्पीडी ट्रायल के लिए कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।
