सिमडेगा। कुरडेग थाना क्षेत्र के डुमरडीह पंचायत अंतर्गत कसडेगा खासपुरना बस्ती में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय तुलसी कोंद और 9 वर्षीय विष्णु कोंद के रूप में हुई है। दोनों रविशंकर कोंद के पुत्र थे।
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार दोपहर दोनों भाई अपनी मां से नहाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। घर के समीप स्थित कुएं के पास दोनों ने अपने कपड़े रखे थे। काफी देर तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। शाम करीब छह बजे कुएं के पास दोनों भाइयों के कपड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों को उनके कुएं में डूबने की आशंका हुई।
सूचना मिलने पर कुरडेग थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया।
एक साथ दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद पूरे कसडेगा खासपुरना बस्ती में मातम पसरा हुआ है।
