भादो में भी सावन जैसा नजारा, बाबा के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु !

दुमका,बासुकीनाथ। भादो मास की चौथी सोमवारी पर प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही बाबा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर बाबा बासुकीनाथ का दर्शन और जलाभिषेक किया।
चौथी सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक उत्साह नजर आया। श्रद्धालु बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा का जलाभिषेक करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। भादो मास में भी धाम का नजारा सावन जैसा बना रहा।
भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर सहित श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे। भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की गई।
श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। चौथी सोमवारी पर उमड़ी भीड़ से पूरा बासुकीनाथ धाम भक्तिमय माहौल में नजर आया।
