केनरा बैंक लूट व मरीन ड्राइव गोलीकांड में त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश…….
जमशेदपुर। झारखंड पुलिस की डीजीपी तदाशा मिश्रा गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं। उन्होंने बिष्टुपुर के सीएच एरिया स्थित जिले के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वाकरीब के आवास पर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर अपराध और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं तथा पुलिस की कार्रवाई की जानकारी ली गई।डीजीपी ने विशेष रूप से चर्चित केनरा बैंक लूटकांड और मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर अधिकारियों से अब तक की जांच और कार्रवाई का ब्योरा लिया। उन्होंने दोनों मामलों में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की।डीजीपी ने अधिकारियों को अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में तेजी लाने तथा मामलों का शीघ्र उद्भेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर आपराधिक घटनाओं में पुलिस की कार्रवाई प्रभावी और त्वरित होनी चाहिए। बैठक में दोनों जिलों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
