भारी मात्रा में 21000kg जावा महुआ जब्त …………..


जमशेदपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। उपायुक्त श्री राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब एवं जावा महुआ बरामद किया।
उत्पाद विभाग की टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के बाराबंकी तथा बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग, नूतनडीह, जेम्को एवं मणिफीट में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान करीब 390 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा 21,000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वहीं, चार अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है।
उपायुक्त ने आगामी त्योहारों के दौरान अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग को लगातार निगरानी रखने और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
