देवघर बाबा मंदिर परिसर में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी दान पात्रों को खोला गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर प्रशासन की मौजूदगी में दान पात्रों की राशि की गिनती कराई गई। इस दौरान दान पात्रों से कुल 19 लाख 3 हजार 275 रुपये भारतीय मुद्रा के रूप में प्राप्त हुए। इसके अलावा विदेशी मुद्रा भी मिली है। इसमें 2,475 नेपाली मुद्रा और 78 मलेशियन मुद्रा शामिल है। दान पात्र खोलने और राशि की गिनती की पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन के अनुसार, दान पात्रों से प्राप्त राशि की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी की गई। विदेशी मुद्रा मिलने से बाबा मंदिर में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशी श्रद्धालुओं की आस्था और पहुंच का भी संकेत मिलता है।
