देवघर। नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ स्थित नदी सेवा आश्रम के बाहर लगे एसबीआई के एटीएम को अज्ञात चोरों ने देर रात निशाना बनाया। चोरों ने पहले एटीएम के शटर को तोड़ा और इसके बाद पूरी एटीएम मशीन को उखाड़कर ट्रैक्टर पर लाद लिया। घटना को अंजाम देने के बाद चोर एटीएम मशीन लेकर मौके से फरार हो गए। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सकेगा।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और एटीएम मशीन की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है।
