देवघर। नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ी स्थित एसबीआई एटीएम को बीती रात अज्ञात चोर उखाड़कर अपने साथ ले गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग भी वारदात के तरीके से हैरान हैं। पुलिस को घटनास्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज में अहम सुराग हाथ लगे हैं। फुटेज में एक सफेद वाहन से रस्सी के सहारे एटीएम के शटर और मशीन को उखाड़ते हुए चोर नजर आ रहे हैं। इसके बाद चोर एटीएम मशीन को वाहन में लादकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उनके साथ डीएसपी कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि इस तरह की वारदात आमतौर पर किसी गिरोह द्वारा सुनियोजित तरीके से अंजाम दी जाती है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे कांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

