देवघर: राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बाघमारा और कोठिया में श्रद्धालुओं के लिए तैयार की जा रही टेंट सिटी का जायजा लिया और संबंधित एजेंसियों को 23 जुलाई तक सभी कार्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान कुमैठा स्टेडियम, बीएड कॉलेज, शिवराम झा चौक और नेहरू पार्क का भी दौरा किया गया। उपायुक्त ने कतार प्रबंधन, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा सूचना एवं सहायता केंद्रों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए भक्तिमय वातावरण बनाने हेतु विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाने का कार्य समय पर पूरा करने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने आईएमसीआर (IMCR) कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुखद आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित कई अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अभियंता उपस्थित रहे।



