धनबाद पुलिस ने वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था। अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वैध पासपोर्ट के साथ फर्जी पासपोर्ट और वीजा बरामद किए गए हैं।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बैंक मोड़ थाना में प्रेस वार्ता कर बताया कि बंटी खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को उसके कोलकाता में छिपे होने और दुबई भागने की तैयारी की जानकारी मिली थी। इसके बाद विशेष टीम कोलकाता भेजी गई, जहां पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब फर्जी पासपोर्ट और वीजा की व्यवस्था करने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है। पूछताछ में गिरोह के रंगदारी नेटवर्क और विदेश में सक्रिय सदस्यों से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बंटी खान का सड़क पर परेड भी कराया। हाथों में हथकड़ी और कमर में रस्सी बांधकर पुलिसकर्मी उसे लेकर चले, जिसे देखने के लिए लोगों ने सड़क पर वाहन रोक दिए।
