बेरमो में कोयला विवाद को लेकर हुई अनीता देवी की हत्या के मामले में अब एक नया विवाद सामने आ गया है। मृतका के गर्भवती होने के दावे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज ने मृतका के गर्भवती होने संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। डॉ. राज ने आरोप लगाया कि इस संवेदनशील मामले में तथ्यों की बजाय राजनीतिक बयान दिए जा रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने धनबाद सांसद ढुलू महतो के उस बयान पर आपत्ति जताई थी, जिसमें उन्होंने अनीता देवी को चार माह की गर्भवती बताया था। कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि सांसद ने यह जानकारी किस आधार पर दी। वहीं दूसरी ओर, मृतका के पति लगातार अपनी पत्नी के गर्भवती होने का दावा करते रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्भावस्था की पुष्टि नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
